धमतरी/ जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंड्रा में रविवार शाम एक बार फिर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। गांव का एक युवक करीब 60 फीट ऊंचे हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भखारा पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल नीचे उतार लिया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान यादराम साहू के रूप में हुई है। वह रविवार शाम करीब 5 बजे टावर पर चढ़ गया था। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाइश दी, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं था। इस दौरान टावर के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची भखारा पुलिस ने लगातार समझाइश और प्रयास के बाद करीब ढाई घंटे में युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ भखारा थाना ले गई।

बताया जा रहा है कि युवक के पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहे हैं। वह शादीशुदा है और बाद में गांव की ही एक युवती से दूसरा विवाह कर लिया था। इसी पारिवारिक विवाद के चलते उसके घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती है। इसी कारण 23 मई को भी वह इसी ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया था, जिसे काफी प्रयास के बाद नीचे उतारा गया था। अब एक बार फिर उसने वही हरकत दोहराई।
ग्राम पंचायत भेंड्रा के सरपंच हीरेन्द्र मंडावी ने बताया कि शाम करीब 5 बजे युवक टावर पर चढ़ गया था और ऊपर से गाली-गलौज कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लगभग ढाई घंटे बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारकर अपने साथ ले गई। इस दौरान गांव के लोग काफी परेशान रहे।
भखारा थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि युवक को सकुशल टावर से उतार लिया गया है। उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
