धमतरी/ जिले के गंगरेल बांध क्षेत्र में एक नीलगाय नहर में गिर गई। काफी देर तक संघर्ष करने के बाद वह खुद ही नहर से बाहर निकलने में सफल रही और जंगल की ओर भाग गई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना धमतरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत गंगरेल बांध के पावर हाउस के पास की है। नीलगाय जंगल में विचरण करते हुए अचानक नहर में गिर गई। बाहर निकलने के लिए वह लगातार प्रयास करती रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहर के तेज बहाव में वह करीब 100 मीटर तक बहती रही और सिर को पानी से ऊपर रखते हुए पुल के नीचे से निकली। लगभग एक घंटे तक संघर्ष के बाद आखिरकार वह नहर से बाहर निकलने में सफल रही और जंगल की ओर दौड़ गई।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने नीलगाय के संघर्ष और सुरक्षित बाहर निकलने का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

गौरतलब है कि गंगरेल बांध और आसपास का क्षेत्र वन्यजीवों की आवाजाही के लिए जाना जाता है। यहां अक्सर तेंदुआ, हिरण, नीलगाय, हाथी समेत अन्य वन्यजीवों की मौजूदगी देखी जाती है। बीते महीने भी गंगरेल बांध क्षेत्र में एक नीलगाय की मौत हो गई थी, जिसके शव को नाव की मदद से बाहर निकाला गया था।
डीएफओ कृष्ण जाधव ने बताया कि धमतरी से लगे केरेगांव रेंज में नीलगायों की संख्या अधिक है। गंगरेल बांध का क्षेत्र केरेगांव रेंज से सटा होने के कारण हरियाली की तलाश में नीलगाय अक्सर इस इलाके में पहुंच जाती हैं। वन विभाग लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है और लोगों से शाम के समय जंगल और आसपास के इलाकों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है।
