Apple Price Hike: अमेरिकी टेक दिग्गज ऐप्पल ने मैकबुक और आइपेड़ के दाम बढ़ा दिए हैं. एक ही झटक में कंपनी के प्रोडक्ट्स 70,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं. इस प्राइस हाइक का असर कंपनी के सबसे सस्ते लैपटॉप मैकबुक नियो पर भी पड़ा है और इसकी कीमत भी बढ़कर 79,900 रुपये हो गई है. ऐप्पल का कहना है कि स्टोरेज और मेमोरी चिप की बडती लगत के कारण यह बढ़ोतरी की गई है. बता दें कि ऐसा कदम उठाने वाली ऐप्पल पहली कंपनी नहीं है और हालात देखते हुए लग रहा है कि यह आखिरी भी नहीं होगी. सैमसंग समेत कई कंपनियां पहले अपने मोबाइल महंगे कर चुकी हैं. इसी तरह लेनोवो और डेल जैसी कंपनियों के लैपटॉप भी पहले की तुलना में महंगे हो चुके हैं. आने वाले दिनों में भी प्राइस हाइक पर लगाम लगती नजर नहीं आ रही है.
ऐप्पल ने दाम बढ़ाने के पीछे क्या वजह बताई?
दाम बढ़ाने का कारण बताते हुए ऐप्पल ने कहा कि कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री एक अभूतपूर्व चुनौती का सामना कर रही है. डेटा सेंटर के विस्तार के कारण मेमोरी और स्टोरेज चिप की मांग तेजी से बढ़ गई है. हमने पहले कभी इतनी तेजी से किसी कंपोनेंट की कीमतों में इतना इजाफा नहीं देखा था. हम अभी तक इस कीमतों में बढ़ोतरी से ग्राहकों को बचाते आए थे, लेकिन अब हम ऐसे मोड़ पर पहुंच गयए हैं, जहां कुछ प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ाने पड़ेंगे.

ऐप्पल के बाद माइक्रोसॉफ्ट ने भी बढ़ाए Xbox कंसोल के दाम
ऐप्पल के दाम बढ़ाने की खबर आने के कुछ देर बाद ही माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से भी ऐसी जानकारी सामने आई. माइक्रोसॉफ्ट Xbox ने अपने गेमिंग कंसोल की कीमतों में इजाफे का ऐलान किया है. कंपनी ने भी ऐप्पल की तरह स्टोरेज और मेमोरी चिप की बढ़ती लागत का हवाला दिया है. 1 अगस्त से दुनियाभर में Xbox कंसोल के दाम लगभग 14,000 रुपये तक बढ़ जाएंगे. माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि स्टोरेज और मेमोरी चिप्स 2.5 गुना तक महंगी हो गई हैं और इनके दाम आगे और भी बढ़ सकते हैं.
क्या दूसरी कंपनियां भी बढ़ाएंगी दाम?
मार्केट ट्रेंड को देखते हुए कई एक्सपर्ट्स का कहना है कि मेमोरी चिप्स की कीमतों में इजाफा आगे भी जारी रह सकता है. 2027 के अंत तक इस मामले में राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. ऐसे में कंपनियों के अपकमिंग प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ने की पूरी संभावना है. अगस्त में गूगल पिक्सल 11 सीरीज लॉन्च करेगी. ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीरीज के मॉडल बढ़े हुए दामों के साथ लॉन्च हो सकते हैं.
