धमतरी/ प्रकृति संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान को नई दिशा देने के उद्देश्य से यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की धमतरी यूनिट द्वारा मजगहन हाई स्कूल में ‘सीड बॉल निर्माण एवं प्रशिक्षण कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा सरल और प्रभावी तरीके से सघन वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यशाला का निर्देशन परविंदर गिल ने किया। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को सीड बॉल निर्माण की प्रक्रिया और इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी और जैविक खाद के मिश्रण में बीजों को सुरक्षित रखकर कम लागत में बड़े पैमाने पर हरियाली विकसित की जा सकती है। इसके लिए संस्था के सदस्यों ने पहले से विभिन्न प्रजातियों के बीज एकत्रित किए थे।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पारंपरिक वृक्षारोपण में पौधों की देखरेख एक बड़ी चुनौती होती है, जबकि सीड बॉल तकनीक के माध्यम से पहाड़ी, वनांचल और मैदानी क्षेत्रों में आसानी से बीजों का प्रसार किया जा सकता है। बारिश का पानी मिलने पर ये सीड बॉल अंकुरित होकर पौधों में परिवर्तित हो जाते हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से हरियाली बढ़ाने में मदद मिलती है।

प्रकृति की निःस्वार्थ सेवा और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया। कार्यशाला के दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर सीड बॉल का निर्माण भी किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संस्था के चेयरमैन हुकुम चंद जैन, अध्यक्ष रमेश देव, उपाध्यक्ष मनीष चंद्राकर एवं गुड्डा कोटवानी, सचिव सुबोध महावर, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर योगेश गुप्ता सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिक एवं सक्रिय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने बताया कि आने वाले समय में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ा जा सके।
