धमतरी। शहर की सपना पिंक सिटी कॉलोनी में रविवार देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सीएफ के एक जवान ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या का कारण पति-पत्नी के बीच विवाद बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायपुर स्थित सीएफ की दसवीं बटालियन में पदस्थ था। वह चुनाव ड्यूटी के सिलसिले में पश्चिम बंगाल गया हुआ था और वहां से लौटने के बाद पांच दिन की छुट्टी पर धमतरी आया था। रविवार देर शाम उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि जागेश्वर प्रसाद ठाकुर सपना पिंक सिटी कॉलोनी में पिछले करीब नौ वर्षों से किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। उसके तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद वरदान परामर्श सेवा समिति के शिवा प्रधान की मदद से शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
