धमतरी/ जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 51 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब और बिक्री रकम सहित कुल 4,180 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सोरम स्थित शराब भट्ठी के पास बने एक खोमचे में अवैध रूप से देशी प्लेन शराब रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए रूद्री पुलिस टीम ने मौके पर तत्काल दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी बिना किसी वैध दस्तावेज के शराब बिक्री करते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 51 पौवा देशी प्लेन शराब एवं बिक्री रकम जब्त की।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रूद्री में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र गायकवाड (25 वर्ष), पिता जीवन लाल, निवासी हटकेशर शीतला पारा धमतरी, थाना कोतवाली, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार, आदतन अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
