धमतरी/ समय के साथ समाज की सोच में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अब वो दौर बीत चुका है जब बेटी के जन्म पर लोग मायूस होते थे और बेटे के जन्म पर जश्न मनाते थे। आज बेटियों के जन्म पर भी उतनी ही, बल्कि उससे भी ज्यादा खुशी मनाई जा रही है।
इसी बदलती सोच की मिसाल पेश की है धमतरी के बठेना वार्ड निवासी ननकू महाराज ने। उन्होंने अपनी बेटी के जन्म की खुशी में एक अनोखा कदम उठाया है। हनुमान जन्मोत्सव (2 अप्रैल) के दिन बेटी के जन्म को सौभाग्य मानते हुए ननकू महाराज ने अपने “महालक्ष्मी गैरेज एवं कार वाशिंग” में एक सप्ताह तक सभी ग्राहकों की कारों को निःशुल्क धोने का निर्णय लिया है।
ननकू महाराज ने इस खुशी को खास बनाने के लिए पोस्टर भी बनवाया, जिसमें नन्ही बच्ची के पगचिन्ह छपवाए गए हैं। उन्होंने दुकान में विधिवत पूजा-अर्चना कर इस पहल की शुरुआत की और मौजूद लोगों का मुंह मीठा करवाया। उनका कहना है कि उनके घर माता लक्ष्मी का आगमन हुआ है, जो उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।

उन्होंने बताया कि उनकी कोई बहन नहीं है, और पिछले महीने उनके बड़े भाई के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। ऐसे में उनके परिवार में बेटियों के आगमन से दोहरी खुशी का माहौल है।
इस पहल की सराहना करते हुए उनके मित्र कुंदन सिंह ने कहा कि बेटी का जन्म वास्तव में सौभाग्य की बात है। ननकू महाराज का यह कदम समाज में एक सकारात्मक संदेश देगा और लोगों की सोच को बदलने में मदद करेगा।
ननकू महाराज की यह पहल न सिर्फ खुशी का इजहार है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देती है कि बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं।
