धमतरी/ अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गंगरेल डेम पुल के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लीटर देशी महुआ शराब और एक स्कूटी जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 27,400 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना रूद्री को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति स्कूटी में अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों को रोककर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान स्कूटी क्रमांक CG-05-AJ-1576 से प्लास्टिक झिल्ली में रखे 18 पैकेट (करीब 12 लीटर) देशी महुआ शराब बरामद की गई। गवाहों की मौजूदगी में दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान कमल देव मरकाम (20 वर्ष), निवासी ग्राम बोरिदखुर्द और चुम्मन लाल नेताम (45 वर्ष), निवासी ग्राम कोटरवाही के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना रूद्री में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
