धमतरी/ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना रूद्री पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 35 लीटर महुआ शराब (कीमत लगभग 7,000 रुपये) जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मादक पदार्थों एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना रूद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामा टिकरा, गंगरेल क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से महुआ शराब बेच रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की। मामले में थाना रूद्री में अपराध क्रमांक 14/26 दर्ज कर धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी का विवरण
नाम: विष्णुराम निषाद
पिता: कन्हैया निषाद
उम्र: 62 वर्ष
पता: शिव चौक गंगरेल, थाना रूद्री, जिला धमतरी
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
