धमतरी/ शहर के गोकुलपुर स्थित पीएम विद्यालय में विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महापौर रामू रोहरा ने 10 लाख रुपये की लागत से शेड का निर्माण कराया है। इस कार्य को लेकर विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है और महापौर का भव्य सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य एवं शिक्षकगणों ने कहा कि यह शेड केवल एक आधारभूत सुविधा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बच्चों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी, साथ ही शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन में भी सुविधा होगी। उन्होंने महापौर के इस निर्णय को दूरदर्शी नेतृत्व और संवेदनशील सोच का परिचायक बताया।
विद्यालय प्रबंधन ने इस अवसर पर शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इन आवश्यकताओं की पूर्ति से विद्यार्थियों का स्वास्थ्य बेहतर होगा और शिक्षा का स्तर भी मजबूत होगा।

महापौर श्री रामू रोहरा ने आश्वासन दिया कि शहर के विकास के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “हम वादों की राजनीति नहीं, बल्कि विकास की राजनीति करते हैं,” और विद्यालय की सभी आवश्यक मांगों पर शीघ्र कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पार्षद गजेंद्र कंवर, प्राचार्य शैलजा पांडेय, शिक्षक सी.के. कौशल, रविकांत पांडेय, राहुल राठौर, पंकज ठाकुर, ज्योति ठाकुर, नेहा गोस्वामी, शाला विकास समिति के अध्यक्ष शारदा महेश साहू, सदस्य विजय साहू सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।
