धमतरी/ 21 मार्च धमतरी शहर के आसपास तेजी से बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों के बीच विधायक ओंकार साहू ने एकता हॉस्पिटल नहर पार क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।
सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग की तैयारी
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सिंचाई (एरिगेशन) विभाग की सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा सुनियोजित तरीके से अवैध प्लॉटिंग की जा रही है। मौके पर लगभग 1 किलोमीटर तक मुरूम बिछाकर सड़क जैसी संरचना तैयार कर ली गई है, जिससे प्लॉटिंग को बढ़ावा दिया जा सके।
ड्रिप सिस्टम और भारी वाहनों से बढ़ी चिंता
नहर के पार ड्रिप सिस्टम लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई, जो इस गतिविधि के व्यवस्थित और योजनाबद्ध होने का संकेत देता है।
भारी हाइवा वाहनों की आवाजाही से नगर निगम द्वारा निर्मित केनाल रोड भी जर्जर होने लगी है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक का सख्त रुख
विधायक ओंकार साहू ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही।
प्रशासन से बड़ी मांग
- जिले में सभी अवैध प्लॉटिंग की जांच
- भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई
- आम जनता को ठगी से बचाने के उपाय
अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप
विधायक ने आरोप लगाया कि इस मामले को कई बार अधिकारियों और मंत्री तक पहुंचाया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
