धमतरी/ वैश्विक स्तर पर इजरायल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब देश में ईंधन की कीमतों पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार को हिंदुस्तान पेट्रोलियम द्वारा पावर पेट्रोल की कीमत में ₹2.07 की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद धमतरी जिले में पावर पेट्रोल की कीमत बढ़कर ₹109.63 प्रति लीटर हो गई है।
इसी बीच जिला प्रशासन ने संभावित आपात स्थिति को देखते हुए एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर के निर्देशों के परिपालन में जिले के सभी पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, सभी पेट्रोल पंप संचालकों को आगामी आदेश तक डेड स्टॉक को छोड़कर न्यूनतम 2000 लीटर पेट्रोल और 4000 लीटर डीजल रिजर्व (आरक्षित) रखना अनिवार्य होगा। यह आरक्षित स्टॉक केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही उपयोग किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस आरक्षित ईंधन का वितरण संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशानुसार ही किया जाएगा। बिना अनुमति के आरक्षित स्टॉक का उपयोग या वितरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पंप संचालकों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आवश्यक सेवाओं को बाधित न होने दिया जाए।
वहीं, सेहराडबरी स्थित बालाजी पेट्रोल पंप के संचालक टीडी सिन्हा ने बताया कि हालिया बढ़ोतरी के बाद पावर पेट्रोल की कीमत में ₹2.07 का इजाफा हुआ है।
प्रशासन के इस कदम को एहतियाती उपाय के रूप में देखा जा रहा है, जिससे आपात परिस्थितियों में ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
