जांजगीर चांपा में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. यहां बुधवार, 18 मार्च की सुबह एक स्कूल वैन की भिड़ंत ट्रैक्टर से हो गई, जिससे वैन पलट गई. वाहन में करीब 15 बच्चे सवार थे, जिनमें से कइयों को गंभीर चोट लगी है. वहीं, एक टीचर भी गंभीर घायल हुई हैं.
बताया जा रहा है कि वैन सरस्वती ज्ञान मंदिर कुथूर स्कूल की थी. स्कूल जाने का समय था और वैन में 15 से ज्यादा बच्चे बैठे हुए थे. उनकी देखरेख के लिए एक टीचर में वैन में मौजूद थीं. हादसे के बाद टीचर के साथ 10 से ज्यादा बच्चे घायल हुए हैं. शिक्षिका को खुद कंधों पर चोट आई है. वहीं, कई बच्चों के सिर फटे हैं और हाथ-पैर में चोटें आई हैं. सभी घायलों का जिला अस्पताल में चल इलाज चल रहा है. वैन का ड्राइवर आज छुट्टी पर था, इसलिए प्रिंसिपल खुद वैन चला रहे थे.

सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को मारी थी टक्कर
अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ थाना इलाके के गांव कुथूर में यह हादसा हुआ. स्कूल वैन मुड़पार गांव से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. प्रिंसिपल, जो इस समय गाड़ी ड्राइव कर रहे थे उन्होंने सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर को टक्कर मार दी. इस वजह से गाड़ी उनके कंट्रोल से बाहर हो गई और पलट गई.
परिजन तुरंत पहुंचे अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों समेत सभी घायलों का रेस्क्यू कर उन्हें बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाया गया. कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और वे डॉक्टर्स की देखरेख में हैं. पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है और इसे लापरवाही के एंगल से भी देखा जा रहा है. बच्चों के परिजनों को भी तुरंत एक-एक कर के कॉल किया गया, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और अपने बच्चों से मिले.
