धमतरी/ धमतरी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए नवागांव स्थित मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई करेली बड़ी चौकी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्रकरण में प्रार्थी सोहन लाल पाल (65 वर्ष), निवासी ग्राम पटेवा, थाना गोबरा नवापारा (जिला रायपुर) ने 13 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम नवागांव स्थित उनकी कपड़ा दुकान “मोती वस्त्रालय” में अज्ञात चोरों ने रात्रि के समय शटर उठाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर लगभग 1,37,000 रुपये मूल्य के कपड़े, साड़ियां, बैग एवं नगदी लेकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करते हुए साइबर टीम की मदद से संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ 20 GC 0653) की पहचान की गई।
वाहन मालिक के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग के आधार पर लोकेशन मध्यप्रदेश में मिलने पर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई। पुलिस ने आष्टा, जिला सीहोर (मध्यप्रदेश) में घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा, जिसमें तीन आरोपी सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने छत्तीसगढ़ में चोरी करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपी
(01) विकम बागड़ी (20 वर्ष), निवासी बाछीहेरा, थाना कनवास, जिला कोटा (राजस्थान)
(02) बबलु बागड़ी (20 वर्ष), निवासी अंता, थाना अंता, जिला बारां (राजस्थान)
(03) रोहित बागड़ी (19 वर्ष), निवासी तलवाड़ा, थाना बारां, जिला बारां (राजस्थान)
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरी, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, लोहे का सब्बल एवं लकड़ी का कुंदा बरामद किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कुछ साड़ियां परिचितों को बांटने की बात भी स्वीकार की है।
चोरी का तरीका
आरोपियों ने पहले दुकान की रेकी की और रात में लोहे के सब्बल एवं लकड़ी के कुंदे की मदद से शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद सामान को बोरियों में भरकर पिकअप वाहन से मध्यप्रदेश की ओर फरार हो गए।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
