धमतरी/ धमतरी-गरियाबंद जिले की सीमा में स्थित उदंती सीतानदी अभ्यारण्य एक बार फिर अपनी प्राकृतिक खूबसूरती को लेकर चर्चा में है। ओड़ गांव में देर रात हुई तेज बारिश और जबरदस्त ओलावृष्टि के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढका नजर आया, जिससे यहां का नजारा कश्मीर की बर्फबारी जैसा प्रतीत हुआ।
ओलावृष्टि इतनी अधिक थी कि खेत-खलिहान, पेड़-पौधे, कच्चे रास्ते और जंगल तक ओलों की मोटी परत से ढक गए। दूर-दूर तक फैली सफेदी और पेड़ों की शाखाओं पर जमी ओलों की परत ने पूरे इलाके को किसी पहाड़ी पर्यटन स्थल जैसा रूप दे दिया।
मंगलवार सुबह जब हल्की धुंध के बीच सूरज की किरणें इस सफेद चादर पर पड़ीं, तो पूरा वातावरण चमक उठा। यह दृश्य इतना मनमोहक था कि स्थानीय लोग भी इसे देखकर हैरान रह गए और इसे ‘कश्मीर’ कहकर पुकारने लगे।

इस अनोखे नजारे को देखने के लिए बच्चे और युवा बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों ने इस दुर्लभ पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर साझा किया।
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक डीएफओ वरुण जैन ने भी इस अद्भुत दृश्य के फोटो और वीडियो जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि बीती रात अचानक मौसम में बदलाव हुआ, जिसके चलते तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई और ओलों की मोटी परत जम गई। इसी वजह से अभ्यारण्य का दृश्य और भी आकर्षक हो गया।
