धमतरी/ जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बोडरा चण्डी मंदिर के पास से एक महिला को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से 53 पौवा देशी शराब और नगदी सहित कुल 7 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धमतरी पुलिस द्वारा जिले में मादक पदार्थ, गांजा तथा अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बिजनापुरी निवासी एक महिला बोडरा चण्डी मंदिर के पास दो थैलों में अवैध शराब लेकर डाही जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही है।
सूचना मिलते ही थाना कुरूद पुलिस टीम ने हमराह स्टाफ और गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और मुखबिर के बताए हुलिए की महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम चंद्रिका बाई मरकाम उर्फ जंगलहीन पति भुवनेश्वर मरकाम, उम्र 52 वर्ष, निवासी डाही बाजार चौक के पास, थाना कुरूद, जिला धमतरी बताया।

गवाहों के समक्ष महिला और उसके सामान की तलाशी लेने पर दो थैले बरामद हुए। एक थैले में 25 पौवा देशी प्लेन शराब (सीलबंद) तथा दूसरे थैले में 28 पौवा देशी मसाला शराब (सीलबंद) मिली। इसके अलावा आरोपिया के पास से 2200 रुपये नगद भी बरामद किए गए।
आरोपिया द्वारा शराब रखने एवं परिवहन करने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 53 पौवा देशी शराब (9.540 लीटर) जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4800 रुपये है तथा 2200 रुपये नगद सहित कुल 7000 रुपये की सामग्री मौके पर ही जब्त कर ली।
मामले में थाना कुरूद में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 73/26 दर्ज कर आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के विरुद्ध आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
