धमतरी। जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 7 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना गंगरेल मार्ग पर मरादेव के पास हुई, जहां एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 5 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 महिलाएं, 2 बच्चे और 1 पुरुष शामिल हैं। घायलों में शुभम पटेल (17 वर्ष), महेश्वरी पटवा (40 वर्ष) और रेशमी पटेल (35 वर्ष) निवासी धमतरी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया।

वहीं दूसरी घटना नहर नाका चौक स्थित गोलू ढाबा के पास हुई। जानकारी के अनुसार कचरा संग्रहण करने वाली महिला कर्मचारी रमहीन बाई अपनी गाड़ी खड़ी कर सड़क पार कर रही थी, तभी बाइक सवार जितेंद्र कुमार सिंह नियंत्रण खो बैठा और महिला को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे पुलिस जवान जितेंद्र नेताम ने तुरंत मदद की और वरदान परमार्थ सेवा समिति के शिवा प्रधान तथा हेमंत प्रधान को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया।
