धमतरी/ आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज मुढा तेलीनसत्ती, धमतरी ने आदिवासी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए ग्राम भानपुरी में म्यूजियम निर्माण की मांग की है। इस संबंध में समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर जगदीश रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम भानपुरी आदिवासी ध्रुव गोंड़ समाज का प्रमुख केंद्र है। गोंड़ समाज अपनी विशिष्ट सभ्यता, संस्कृति, खान-पान, रहन-सहन, वेशभूषा, पारंपरिक कला, संगीत और नृत्य के लिए जाना जाता है। आधुनिकता के प्रभाव से ये परंपराएं धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही हैं, जिन्हें संरक्षित करने की आवश्यकता है।

समाजजनों ने कहा कि म्यूजियम निर्माण से आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत को जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
महापौर रोहरा ने मांग को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पार्षद श्याम लाल नेताम, संतोष ध्रुव, छत्र सिंह, तेजराम ध्रुव, काशी राम सादिया, शिव नेताम, ईश्वरी ध्रुव, नंदा ध्रुव, पूजा कुंजाम, कोमल ध्रुव, टेक राम ध्रुव, भाविका ध्रुव, अनूप ध्रुव सहित समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
