39 पौव्वा देशी प्लेन शराब, बाइक व नकदी जब्त, आरोपी जेल भेजा गया
धमतरी/ पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना मगरलोड पुलिस ने देहात पेट्रोलिंग के दौरान अवैध शराब बिक्री करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरझिटी निवासी एक व्यक्ति मोटर सायकल में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए मोटर सायकल सीटी-100 क्रमांक CG-04 LQ 2780 को रोका और जांच की।
जांच के दौरान आरोपी लोकनाथ साहू पिता स्व. हिरालाल साहू, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम खैरझिटी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी (छ.ग.) के कब्जे से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 39 पौव्वा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। प्रत्येक पौव्वा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी, कुल मात्रा 7.020 लीटर पाई गई।

जब्त मशरूका में शराब की कीमत 3120 रुपये, बिक्री की नकदी 680 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त पुरानी मोटर सायकल की कीमत 15,000 रुपये आंकी गई। इस प्रकार कुल जब्ती की कीमत 18,800 रुपये है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 28/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
