धमतरी/ जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के आगे मेचका रोड पर रविवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम सांकरा से छड़, जाली एवं अन्य निर्माण सामग्री लेकर अपने गृह ग्राम जिड़ार (मैनपुर) जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर सवार परेश नागेश (35 वर्ष) ने थाना सिहावा पुलिस को बताया कि 8 फरवरी को वह अपने चाचा कर्कोशी राम नागेश के ट्रैक्टर से चालक भावेश ओटी, गुलाल मरकाम एवं तामेश्वर मरकाम के साथ निर्माण सामग्री खरीदने सांकरा गया था। सामान खरीदने के बाद सभी लोग शाम करीब 5.45 बजे अपने गांव जिड़ार के लिए रवाना हुए।
ट्रैक्टर को चालक भावेश ओटी चला रहा था। ट्रैक्टर के दाहिने बड़े चक्के के ऊपर बने अस्थायी केबिन में चालक बैठा था, जबकि बाएं बड़े चक्के के ऊपर बने केबिन में गुलाल मरकाम और तामेश्वर मरकाम बैठे थे। जब ट्रैक्टर सांकरा फॉरेस्ट नाका बेरियर के आगे नहर-नाले के पास पहुंचा, तभी चालक द्वारा तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण ट्रैक्टर सड़क किनारे उतर गया और अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया।

हादसे में ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दबने से गुलाल मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तामेश्वर मरकाम के दाहिने हाथ, परेश नागेश के दाहिने पैर तथा चालक भावेश ओटी की कमर व पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल मृतक का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है और शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखा गया है।
सूचना पर थाना सिहावा पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
