धमतरी/ शासन के संज्ञान में यह तथ्य आया था कि लगातार क्षेत्र भ्रमण और दौरों के कारण कार्यालयीन कार्यों के निष्पादन और आम जनता से प्रत्यक्ष मुलाकात में अनियमितता हो रही थी। इसे देखते हुए जनहित को प्राथमिकता देते हुए यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
जारी आदेश के अनुसार राज्य के समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी मंगलवार और बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय अथवा कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान लंबित नस्तियों का समयबद्ध निराकरण, विभागीय समीक्षा, योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे आम लोगों को अधिकारियों से सीधे मिलने और अपनी समस्याएं रखने में सुविधा मिलेगी।
वहीं गुरुवार और शुक्रवार को अधिकारियों के लिए क्षेत्रीय निरीक्षण, विभागीय भ्रमण, निरीक्षण कार्य और अन्य बाह्य गतिविधियां निर्धारित की गई हैं। इससे योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सकेगी।

शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था, अति-आवश्यक प्रशासनिक कार्य या वरिष्ठ कार्यालय द्वारा आहूत बैठकों जैसी विशेष परिस्थितियों में ही इस समय-सारणी में परिवर्तन मान्य होगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आदेश के उल्लंघन को अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना जाएगा। शासन का यह निर्णय प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और आम जनता को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
