जगदलपुर शहर के दंतेश्वरी वार्ड में बीती रात एक दिल दहला देने वाली पारिवारिक घटना सामने आई है. आपसी विवाद ने ऐसा भयावह रूप लिया कि एक बुजुर्ग पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. मृतकों की पहचान 73 वर्षीय तारा सिंह और उनकी 70 वर्षीय पत्नी विजय कौर के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अक्सर विवाद होता रहता था. बेटा, बहू और बेटी घर के ही ऊपरी मंजिल में रहते थे. जानकारी के अनुसार, बीती रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ, जिस पर बेटा और बहू नीचे आए और मामला शांत कराया. इसके बाद वे फिर ऊपर चले गए. लेकिन रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दोबारा विवाद शुरू हो गया.
लकड़ी के बंडे से किया हमला
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तारा सिंह ने मोटे लकड़ी के बंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही पत्नी विजय कौर की मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद तारा सिंह ने भी घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिवार वालों को जब इस भयानक घटना का पता चला तो वे सदमे में आ गए. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने परिवार वालों से और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस बात पर पति-पत्नी का विवाद हुआ करता था और क्या कारण था कि विवाद इतना बढ़ गया कि इसने दो जानें ले लीं.
घरेलू विवाद का खतरनाक नतीजा
यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों के खतरनाक नतीजों को सामने लाती है. बुजुर्ग दंपती के बीच छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े अंततः इतने गंभीर हो गए कि परिणाम दोनों की मौत के रूप में सामने आया. परिवार और रिश्तेदार इस हादसे से गहरे सदमे में हैं. पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी.
