महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन के बाद यह लगभग तय है कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार राज्य की उपमुख्यमंत्री का कार्यभार संभालेंगी. सुनेत्रा पवार आज (31 जनवरी) शाम 5 बजे मुंबई में शपथ लेंगी और महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनेंगी. इससे पहले दोपहर 2 बजे विधान भवन में एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें उन्हें नेता चुना जाएगा.
शपथ ग्रहण से पहले होने वाली एनसीपी विधायक दल की बैठक को लेकर पार्टी ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने विधायक दल की बैठक का आधिकारिक पत्र विधानसभा सचिवालय को सौंप दिया है. बैठक में सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने की तैयारी है.
इस बीच सुनेत्रा पवार बारामती से मुंबई पहुंच चुकी हैं और शपथ समारोह की अंतिम तैयारियां पूरी की जा रही हैं. उपमुख्यमंत्री पद संभालने के बाद उन्हें राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देना होगा. ऐसे में यह चर्चा भी तेज है कि रिक्त होने वाली राज्यसभा सीट पर पार्थ पवार को जिम्मेदारी मिल सकती है.

कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार का जन्म वर्ष 1963 में धराशिव जिले में हुआ था. उनके पिता बाजीराव पाटिल अपने समय के प्रभावशाली स्थानीय नेता थे, जबकि पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद पद्मसिंह पाटिल उनके सगे भाई हैं. उन्होंने वर्ष 1983 में सरस्वती भुवन कॉलेज, संभाजीनगर से वाणिज्य में स्नातक की डिग्री हासिल की.
साल 1985 में पद्मसिंह पाटिल की पहल पर उनका विवाह अजित पवार से हुआ. विवाह के बाद लंबे समय तक वे सक्रिय राजनीति से दूर रहीं, लेकिन सामाजिक कार्यों से उनका जुड़ाव लगातार बना रहा. काटेवाड़ी गांव में सार्वजनिक शौचालय निर्माण की पहल उनका पहला उल्लेखनीय सामाजिक प्रयास माना जाता है.
