मगरलोड | राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत धमतरी पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना मगरलोड क्षेत्र में यातायात पुलिस ने जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए।
कार्यक्रम का उद्देश्य दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों व मौतों को रोकना है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले के गांव-गांव में यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, तेज रफ्तार व नशे की हालत में वाहन न चलाने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट सिर्फ कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत साधन है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों को “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” का संदेश देते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें बच्चों, युवाओं और ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर थाना प्रभारी मगरलोड उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला, यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू, यातायात शाखा व थाना स्टाफ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।
धमतरी पुलिस ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान और भविष्य में भी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
