अवैध शराब बेचते 2 आरोपी गिरफ्तार, 94 पौवा शराब और ₹12,290 जब्त
धमतरी/ शुष्क दिवस 26 जनवरी को अवैध शराब विक्रय के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 94 पौवा देशी शराब और बिक्री की नकदी सहित कुल ₹12,290 जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, नशा कारोबार और गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुष्क दिवस के दिन मुखबिर से सूचना मिली कि महात्मा गांधी वार्ड और विंध्यवासिनी वार्ड क्षेत्र में अवैध शराब बेची जा रही है।
पहली कार्रवाई – महात्मा गांधी वार्ड
नयापारा क्षेत्र में आरोपी हेमंत यादव उर्फ मंगलू (32 वर्ष) को उसके घर से अवैध शराब बेचते पकड़ा गया। पुलिस ने मौके से 32 पौवा देशी शराब और ₹300 नकद जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत ₹3,240 आंकी गई है।

दूसरी कार्रवाई – विंध्यवासिनी वार्ड
गड्ढा पारा, पानी टंकी के पास से आरोपी चंद्रकांत साहू उर्फ चंदू (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 62 पौवा देशी शराब और ₹1,250 नकद जब्त किया गया। कुल जब्ती ₹9,050 की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ सघन चेकिंग, गश्त और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
