मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर रोजगार की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार युवा प्रतिभाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से ‘इमर्सिव टेक्नोलॉजी’ के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCOE) का एक क्षेत्रीय संस्थान स्थापित करेगी.
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह केंद्र विशेष रूप से एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (एवीजीसी-एक्सआर) क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार प्रदान करने के लिए बनाया जाएगा. यह पहल देश का पहला ऐसा केंद्र होगा, जो इन क्षेत्रों में विशेषज्ञता और रोजगार सृजन दोनों को बढ़ावा देगा.

फिल्म प्रौद्योगिकी पर भी एक नीति तैयार कर रही सरकार- रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार फिल्म प्रौद्योगिकी पर भी एक नीति तैयार कर रही है. ताकि यहां की रचनात्मक प्रतिभाओं को बढ़ावा मिल सके और उन्हें रोजगार के लिए अन्य शहरों या देशों में जाने की जरूरत न पड़े. उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की रचनात्मक प्रतिभाओं को पलायन करने की जरूरत नहीं है. दिल्ली AVGC क्षेत्र के माध्यम से रोजगार की राजधानी के रूप में उभरेगी.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को नई तकनीकों और आधुनिक उपकरणों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा. जिससे उनकी विशेषज्ञता और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी.
युवाओं को रोजगार के अवसर देगा केंद्र- रेखा गुप्ता
यह केंद्र न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर देगा, बल्कि दिल्ली को रचनात्मक और तकनीकी उद्योगों में अग्रणी बनाने में मदद करेगा. राज्य सरकार का लक्ष्य है कि यह पहल दिल्ली को एक वैश्विक तकनीकी और रचनात्मक केंद्र के रूप में स्थापित करें. इससे युवाओं की प्रतिभा का सही इस्तेमाल होगा और दिल्ली में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.
