गुजरात अध्ययन भ्रमण से लौटी महिला पत्रकारों के दल से मुख्यमंत्री ने की मुलाकात
रायपुर/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में गुजरात के अध्ययन भ्रमण से लौटी महिला पत्रकारों के दल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पत्रकार अपने साहस और जिम्मेदारी से लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत कर रही हैं।
महिला पत्रकारों ने पहली बार छत्तीसगढ़ से अध्ययन भ्रमण की सुविधा देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया और गुजराती अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ भेंट किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस भ्रमण से प्राप्त अनुभव पत्रकारों की सोच और लेखन को समृद्ध करेगा। उन्होंने पत्रकारों को अपने अनुभवों को किताब के रूप में संजोने के लिए भी प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महतारी गौरव वर्ष मना रही है और प्रदेश में सहकारिता व डिजिटलीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने गुजरात को मॉडल राज्य बताते हुए कहा कि वहां की व्यवस्थाओं को छत्तीसगढ़ में भी लागू किया जा रहा है।
महिला पत्रकारों ने गुजरात विधानसभा, सोमनाथ सहित अन्य स्थलों के भ्रमण अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह यात्रा नई सीख, आत्मविश्वास और आपसी जुड़ाव का माध्यम बनी।
इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और महिला पत्रकार उपस्थित रहीं।
