बिना अनुमति जिले में घुसकर फैला रहा था दहशत, सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
धमतरी/ जिला बदर घोषित आदतन अपराधी सागर ढीमर उर्फ विक्की गिड्डी को सिटी कोतवाली पुलिस ने चाकू लहराते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना अनुमति जिले में प्रवेश कर मकई चौक के पास आम लोगों को डरा-धमका रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नयापारा वार्ड निवासी 23 वर्षीय सागर ढीमर सेन समाज भवन के पीछे धारदार चाकू लेकर राहगीरों में दहशत फैला रहा है। सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी जिला बदर आदेश से बहाली या जिले में प्रवेश की कोई अनुमति नहीं थी। तलाशी में उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस, छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 15 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 व 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार सागर ढीमर एक कुख्यात आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ मारपीट, लूट, जानलेवा हमला और हत्या जैसे गंभीर मामलों सहित आर्म्स एक्ट के कई प्रकरण पहले से दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध 2018 से 2024 तक सिटी कोतवाली थाना में लगातार गंभीर अपराध दर्ज रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
