धमतरी, मगरलोड/ मगरलोड थाना क्षेत्र के भरदा मोड़ के पास रविवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक, स्कूटी और कार की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार परसवानी निवासी देव कुमार यादव (45) अपने साथी मस्तराम पटेल के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान खैरझिटी निवासी राधेलाल साहू स्कूटी से उसी मार्ग पर निकले थे। भरदा मोड़ के पास हरियाणा पासिंग कार ने दोनों दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देव कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में परसवानी निवासी मस्तराम पटेल और खैरझिटी निवासी राधेलाल साहू को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
