भारी भीड़ के चलते अवधि बढ़ी, 133 युवाओं को मिला लर्निंग लाइसेंस
धमतरी/ सड़क सुरक्षा माह के तहत गांधी मैदान, सिटी कोतवाली के सामने आयोजित लर्निंग (शिक्षार्थी) लाइसेंस शिविर को युवाओं की भारी भागीदारी के चलते एक दिवसीय से बढ़ाकर दो दिवसीय कर दिया गया। यह शिविर धमतरी पुलिस यातायात एवं जिला परिवहन अधिकारी (आरटीओ) धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
शिविर का आयोजन 14 व 15 जनवरी 2026 को किया गया, जिसमें कुल 272 आवेदन प्राप्त हुए, वहीं 133 युवाओं एवं नए वाहन चालकों के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए। प्रारंभ में शिविर केवल एक दिन के लिए निर्धारित था, लेकिन बढ़ती भीड़ और उत्साह को देखते हुए प्रशासन ने इसे दो दिन तक संचालित करने का निर्णय लिया।

पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य चालान की कार्रवाई के बजाय युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाना रहा। शिविर में उपस्थित आवेदकों को हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सुरक्षित ड्राइविंग, तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी गई।
धमतरी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिलेभर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें हेलमेट जागरूकता रैली, नेत्र परीक्षण शिविर, पंपलेट वितरण एवं स्कूल–कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम शामिल हैं।
“चालान नहीं, जागरूकता” की सोच के साथ आयोजित इस जनहितकारी शिविर को युवाओं व आम नागरिकों ने सराहा और इसे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
