धमतरी/ उपनिदेशक भारतीय सर्वेक्षण विभाग उपकार पाठक ने आज कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को जिले से संबंधित जियोडेटिक एसेट मैप एवं जियोडेटिक एसेट रजिस्टर भेंट किया। यह महत्वपूर्ण संकलन भारतीय सर्वेक्षण विभाग द्वारा सर्वेक्षण कार्यों के लिए स्थापित हाई प्रिसिजन बेंचमार्क जीपीएस स्टेशन, सीओआरएस (CORS) स्टेशन, ग्रेविटी स्टेशन सहित अन्य महत्वपूर्ण जियोडेटिक परिसंपत्तियों पर आधारित है।
इस अवसर पर कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि जियोडेटिक डाटा के उपयोग से जिले में किए जाने वाले सर्वेक्षण कार्यों की गुणवत्ता, सटीकता एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे जल संसाधन विभाग, सड़क एवं परियोजना विभाग, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों को तकनीकी रूप से सशक्त सर्वेक्षण सुविधा प्राप्त होगी।

बैठक में धमतरी जिले के स्कूलों एवं कॉलेजों में मानचित्रण और सर्वेक्षण शिक्षा को प्रोत्साहित करने, साथ ही जिला प्रशासन में आधुनिक सर्वेक्षण तकनीकों को अपनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक तकनीकों के माध्यम से विकास कार्यों की योजना, क्रियान्वयन और निगरानी को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाया जा सकेगा।
