हथौड़े से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक सप्ताह में खुलासा
सिहावा/ अवैध प्रेम संबंध और पारिवारिक विवाद के चलते हत्या के प्रयास के एक सनसनीखेज मामले का सिहावा पुलिस ने खुलासा किया है। ग्राम सांकरा स्थित दंतेश्वरी तालाब पचरी में युवक पर हथौड़े से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 6 बजे की है। पीड़ित धनेश्वर जोगी (35) रोज की तरह दंतेश्वरी तालाब पचरी में बैठा था, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपियों ने उसके सिर और सिर के पिछले हिस्से पर किसी ठोस वस्तु से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अवैध संबंध बना हमले की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित का आरोपी जितेन्द्र चंदनिया की पत्नी से लंबे समय से संपर्क था। इसे लेकर आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। घटना के दिन दोपहर में पीड़ित का विवाद आरोपी चंद्रप्रकाश चंदनिया की पत्नी से भी हुआ था।

पहले से रची थी साजिश
इसी बात से नाराज होकर जितेन्द्र चंदनिया और चंद्रप्रकाश चंदनिया ने मिलकर पीड़ित की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों को पता था कि पीड़ित रोज शाम को तालाब पचरी में बैठता है। मौके का फायदा उठाकर जितेन्द्र ने लोहे के हथौड़े से पीड़ित के सिर पर वार किया, जबकि चंद्रप्रकाश ने उसे लात मारकर नीचे गिरा दिया।
हथौड़ा जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जब्त किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ये हैं आरोपी
-
जितेन्द्र कुमार चंदनिया (38), निवासी सतनामी पारा, सांकरा
-
चंद्रप्रकाश चंदनिया (43), निवासी सतनामी पारा, सांकरा
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना प्रभारी सिहावा के नेतृत्व में की गई।
