धमतरी/ शहर के बस स्टैंड से कुछ ही दूरी पर सुबह एक युवक संदिग्ध हालत में जमीन पर अचेत पड़ा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान ग्राम ईर्रा निवासी दुलेश्वर साहू (26 वर्ष), पिता चोवाराम साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक धमतरी के एक किराना स्टोर में काम करता था और रोजाना गांव से आना-जाना करता था।

ग्राम ईर्रा के सरपंच सूर्यकांत साहू ने बताया कि मृतक का धमतरी में ससुराल है। हाल ही में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पुलिस को युवक की जेब से सल्फास की गोली भी मिली है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
हालांकि, युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
