धमतरी/ एसपी धमतरी के निर्देश पर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस यातायात द्वारा लगातार जागरूकता अभियान के साथ नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत पुलिस का फोकस शिक्षा, समझाइश और वैधानिक कार्रवाई पर है।
इसी क्रम में कलार तराई हाई स्कूल में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज रफ्तार से वाहन न चलाने, शराब पीकर वाहन न चलाने और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव की जानकारी दी गई। छात्रों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।

वहीं थाना केरेगांव क्षेत्र के ग्राम बनरौद के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अल्कोहल मीटर से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पिछले 2–3 दिनों में 14 शराबी वाहन चालकों को पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया है।
यातायात पुलिस का कहना है कि उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर आम लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में भी जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम और सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।
