स्कूल, बाजार, बस स्टैंड से लेकर सड़कों तक चला जागरूकता अभियान, नशा मुक्त ड्राइविंग की अपील
धमतरी/ एसपी धमतरी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत धमतरी यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत आम नागरिकों, विद्यार्थियों, वाहन चालकों और व्यापारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
गांव से शहर तक जागरूकता रथ
यातायात जन-जागरूकता रथ ग्राम सोरम पहुँचा, जहाँ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। विद्यार्थियों व ग्रामीणों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई। इसके बाद साप्ताहिक बाजार में भ्रमण कर पंपलेट वितरित किए गए।
चौक-चौराहों पर समझाइश
फ्रीडम फिजिकल ट्रेनिंग सेंटर के सहयोग से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट और ट्रैफिक नियमों के पालन की समझाइश दी गई।
लर्निंग लाइसेंस कैंप से लोगों को राहत
जनपद पंचायत धमतरी, नगरी, कुरूद और मगरलोड में लर्निंग लाइसेंस कैंप लगाए गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन कर लाभ लिया।
बस स्टैंड और बाजारों में विशेष अभियान
बस स्टैंड धमतरी में बस चालकों और परिचालकों को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई। बसों में जागरूकता पोस्टर लगाए गए। वहीं घड़ी चौक से आमापारा रोड तक पैदल पेट्रोलिंग कर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया।

स्कूल में बच्चों को दी गई खास सीख
मेनोनाइट इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल, रत्नाबांधा में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया। छात्रों ने स्वयं नियमों का पालन करने और परिवार को जागरूक करने का संकल्प लिया।
स्कूल बस चालकों का एल्कोमीटर से परीक्षण भी किया गया, जिसमें कोई भी चालक नशे की हालत में नहीं पाया गया। स्कूल बसों में भी ट्रैफिक अवेयरनेस पोस्टर लगाए गए।
हेलमेट सिर्फ कानून नहीं, जीवन रक्षक कवच
पुलिस ने बताया कि हेलमेट न पहनने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मौत का खतरा बढ़ जाता है। चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य है।
धमतरी पुलिस की अपील
-
हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें
-
नशे की हालत में वाहन न चलाएँ
-
मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग न करें
-
यातायात संकेतों व नियमों का पालन करें
पुलिस का संदेश
“यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित जीवन अपनाएँ।”
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है—
“नशे से दूरी रखें, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएँ और जीवन बचाएँ।”
