मगरलोड पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
धमतरी/ जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मगरलोड पुलिस ने मडई स्थल पर चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध धारदार चाकू जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मेघा मडई स्थल के बाजार चौक में पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक द्वारा हाथ में धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने युवक को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम वेदप्रकाश विभार (19 वर्ष), निवासी ग्राम मेघा, थाना मगरलोड बताया।

आरोपी के पास से 10.7 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे गवाहों के समक्ष जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25 व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
