तीसरे दिन पुलिस का जागरूकता अभियान, 108 चालकों की आंखों की जांच
धमतरी/ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत धमतरी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में तीसरे दिन धमतरी पुलिस यातायात शाखा द्वारा कृषि उपज मंडी श्यामतराई में वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 108 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई।
नेत्र विशेषज्ञों द्वारा चालकों की दृष्टि क्षमता की जांच के साथ अन्य नेत्र संबंधी परीक्षण किए गए तथा आवश्यक परामर्श भी दिया गया। इस पहल का उद्देश्य दृष्टि संबंधी समस्याओं के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देना है।
इससे पूर्व अभियान की शुरुआत एसपी धमतरी द्वारा यातायात जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर की गई थी। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रहा है।

अभियान के दूसरे दिन हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया गया। वहीं स्कूली बच्चों एवं स्काउट–गाइड के छात्रों ने तख्तियां और स्लोगन लेकर पैदल रैली निकाली और यातायात नियमों के पालन तथा नशा उन्मूलन का संदेश दिया।
धमतरी पुलिस द्वारा पूरे माह जिलेभर में रैली, पंपलेट वितरण, पोस्टर-स्लोगन अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर एवं जन-संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केरेगांव बाजार में यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से आम नागरिकों को पंपलेट बांटकर जागरूक किया गया।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, नशे से दूर रहें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और सड़क सुरक्षा में सहभागी बनें।
