धमतरी/ शहर के हृदय स्थल पर स्थित ऐतिहासिक मकई तालाब को नया सम्मान मिला है। नगर निगम धमतरी द्वारा तालाब का नामकरण उसके मूल भूमिस्वामी स्वर्गीय पंडित हनुमान प्रसाद शोभाराम मिश्रा के नाम पर करते हुए अब इसे पं. हनुमान प्रसाद शोभाराम मिश्रा सरोवर नाम दिया गया है। नामकरण समारोह नगर निगम महापौर जगदीश रामू रोहरा के करकमलों से गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर मिश्रा परिवार की ओर से राम अवतार मिश्रा के सुपुत्र एवं पौत्र रोहिताश मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर निगम के कई पार्षदों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

महापौर रोहरा ने कहा कि धमतरी केवल एक शहर नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है। ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण एवं उनसे जुड़े महापुरुषों को सम्मान देना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह नामकरण आने वाली पीढ़ियों को धमतरी के गौरवशाली अतीत से जोड़ने का कार्य करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा सरोवर के सौंदर्याकरण, संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं, ताकि यह सरोवर शहर की पहचान और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन सके।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए नगर निगम की पहल की सराहना की और इसे धमतरी की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
