9.40 किमी फोर-लेन से बदलेगी धमतरी की यातायात व्यवस्था
धमतरी/ वर्ष 2025-26 के बजट में धमतरी जिले को सड़क अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। राज्य शासन ने राजनांदगांव-गुण्डरदेही-धमतरी-नगरी-सिहावा-बोराई राज्य मार्ग क्रमांक-23 के अंतर्गत जिले के दो महत्वपूर्ण मार्ग खंडों के फोर-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए कुल 101.47 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इससे जिले की यातायात व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ व्यापार, कृषि, उद्योग और पर्यटन को भी गति मिलेगी।
परियोजना के अंतर्गत मुजगहन से रत्नाबांधा चौक तक 4.40 किमी मार्ग का पुल-पुलिया सहित फोर-लेन चौड़ीकरण किया जाएगा, जिसके लिए 42.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सिहावा चौक से नहर नाका होते हुए कोलियारी तक 5.00 किमी फोर-लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 59.06 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस प्रकार कुल 9.40 किमी लंबाई में अत्याधुनिक फोर-लेन सड़क बनेगी।
लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बताया कि निर्माण कार्य उच्च तकनीकी मानकों के अनुरूप, पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के तहत और समयसीमा में पूर्ण कराया जाएगा। कार्य प्रारंभ करने से पहले 90 प्रतिशत बाधा-रहित भूमि उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने कहा कि यह परियोजना धमतरी शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। बेहतर सड़क अवसंरचना से यातायात दबाव कम होगा, निवेश बढ़ेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि फोर-लेन सड़क से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी।
