इंडोर स्टेडियम के पास कार्रवाई, 2.92 ग्राम हेरोइन, कार, नकदी और मोबाइल बरामद
धमतरी/ नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंडोर स्टेडियम के पास हेरोइन (चिट्टा) बेचते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चिट्टा समेत करीब 2.21 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर थाना सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इंडोर स्टेडियम के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से हेरोइन बेच रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
2.92 ग्राम चिट्टा बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2 ग्राम 920 मिलीग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 58,400 रुपए बताई जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने एक मोबाइल फोन, 39 हजार रुपए नकद और एक पुरानी मारुति कार भी जब्त की है।

आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि सोनी (39 वर्ष), निवासी जोधापुर वार्ड, शीतला मंदिर के पास, धमतरी के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
नशा नेटवर्क पर पुलिस की नजर
धमतरी पुलिस का कहना है कि नशे के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सप्लायर से लेकर उपभोक्ताओं तक पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों की सूची भी तैयार की जा रही है, ताकि समय रहते वैधानिक और सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
