धमतरी/ नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को अदालत से राहत मिलने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी में उत्साह देखने को मिला। फैसले को सत्य की जीत बताते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बनी।
दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इंकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग का अपराध तभी बनता है, जब सक्षम जांच एजेंसी द्वारा अपराध से जुड़ी जांच दर्ज की गई हो। इस फैसले के बाद कांग्रेस नेताओं ने ईडी की कार्रवाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर की गई राजनीतिक साजिश बताया।

फैसले के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता ‘सत्यमेव जयते’ के नारे लगाते हुए स्टेट हाईवे से भाजपा कार्यालय की ओर कूच कर गए। भाजपा कार्यालय के पास पुलिस प्रशासन द्वारा कई लेयर की बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा राजनीतिक द्वेष के चलते राहुल गांधी और सोनिया गांधी को परेशान करने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही थी, लेकिन अदालत के फैसले से यह स्पष्ट हो गया कि सत्य की ही जीत होती है।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
