बोराई पुलिस ने 480 ग्राम गांजे के साथ युवक को पकड़ा, बाइक सवार फरार**
धमतरी। एसपी धमतरी के निर्देश पर बोराई पुलिस ने उड़ीसा से हो रही अवैध मादक पदार्थ की तस्करी को विफल करते हुए 480 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि बाइक चलाकर भागा युवक अभी फरार है।
नाका चेकिंग में पकड़ा गया संदिग्ध
थाना बोराई क्षेत्र में लगातार वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान उड़ीसा से आ रही काले रंग की सीडी डीलक्स बाइक को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर बाइक चालक तेज गति से भाग निकला। पीछे बैठा युवक उतरकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे पीछा कर पकड़ लिया।

बैग में छिपाकर लाया जा रहा था गांजा
गवाहों की मौजूदगी में पकड़े गए युवक शिवलाल नेताम (30 वर्ष), निवासी तारंगपुरी, थाना कुंदई, जिला नवरंगपुर (उड़ीसा) के बैग की तलाशी ली गई। बैग से 480 ग्राम अवैध गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 24 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के पास से 500 रुपये नकद सहित कुल 24,500 रुपये का मादक पदार्थ व नगदी जब्त की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
बोराई पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 11/25 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। शिवलाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बाइक सवार की तलाश जारी
फरार बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस तकनीकी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर टीम भेजकर लगातार तलाश कर रही है।
