बुधवार (03 दिसंबर) को सीएम विष्णु देव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक हुई. इसमें कई फैसले लिए गए. सरकार ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को लेकर अहम निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान (M-URJA) 01 दिसंबर 2025 से लागू कर दिया है. इसके तहत घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को अब 200 यूनिट प्रति माह तक बिजली बिल में 50 फीसदी छूट का लाभ मिलेगा.
इसके साथ ही साय सरकार ने ये भी कहा है कि 200 से 400 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी अगले एक वर्ष तक 200 यूनिट तक, बिजली बिल में 50 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा, ताकि इस अवधि में वे अपने घरों में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट स्थापित करा सके. बिजली बिल को लेकर मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान से प्रदेश के 42 लाख उपभोक्ताओं को फायदा पहुंचेगा.

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिपरिषद् की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय –
मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत जन अभियान (M-URJA) – घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत, 01 दिसम्बर 2025 से लागू, घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं को अब 200 यूनिट प्रति माह तक…
छत्तीसगढ़ कैबिनेट की बैठक में और क्या-क्या फैसले?
- विष्णु देव साय कैबिनेट की बैठक में अन्य कई फैसले भी लिए गए. इसमें छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) (संशोधन) विधेयक, 2025 के प्रारूप का अप्रूवल किया गया.
- इसके अलावा छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा की शर्तों का विनियमन) अधिनियम, 2017 (क्र. 21 साल 2018) में संशोधन हेतु छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना संशोधन विधेयक, 2025 के प्रारूप का अनुमोदन किया गया. जिससे ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के रिफॉर्म्स और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा.
- साय सरकार ने छत्तीसगढ़ भण्डार क्रय नियम, 2002 में स्थानीय लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से क्रय को प्रोत्साहन देने और जेम पोर्टल में क्रय की स्पष्टता के लिए संशोधन किए जाने का निर्णय लिया है. इन संशोधन से क्रय प्रक्रिया का सरलीकरण होगा, पारदर्शिता में वृद्धि होगी, प्रतिस्पर्धा को बढा़वा मिलेगा तथा समय और संसाधनों की बचत होगी.
