महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव के रिजल्ट्स की तारीखों पर बड़ा अपडेट आया है. बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने न सिर्फ मतगणना की तारीख आगे बढ़ाई है बल्कि आचार संहिता लागू होने की तिथि भी आगे बढ़ा दी है.
उच्च न्यायालय की नागपुर खंडपीठ ने आदेश दिया है कि सभी नगरपरिषद और नगरपंचायत चुनावों के नतीजे अब 21 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे. कुछ नगरपरिषदों से जुड़े मामलों की सुनवाई न्यायालय में लंबित होने के कारण राज्य की लगभग 20 नगरपरिषदों का मतदान टाला गया था. यह चुनाव अब 20 दिसंबर को होगा.

याचिका में मांग की गई थी कि सभी चुनावों के नतीजे एक ही दिन घोषित किए जाएँ, अन्यथा 20 नगरपरिषदों के नतीजों पर असर पड़ सकता है. सभी पक्षों के युक्तिवाद सुनकर हाईकोर्ट की खंडपीठ ने निर्देश दिया कि आज जहां मतदान हुआ हो, उन सभी के नतीजे 21 दिसंबर को ही घोषित किए जाएं.
वहीं एग्जिट पोल 20 दिसंबर को चुनाव खत्म होते ही आधे घंटे बाद घोषित किए जा सकते हैं. आचार संहिता भी 20 दिसंबर तक लागू रहेगी. कोर्ट ने कहा है कि जहां चुनाव रद्द हुए हैं, वहां के उम्मीदवारों को पहले मिले चुनाव चिन्ह कायम रहेंगे.
