धमतरी/ 14 नवम्बर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत जिले में 15 नवंबर से होगी। इसके लिए सभी 100 उपार्जन केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो और केंद्रों में सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण
13 नवंबर को कलेक्टर ने कई केंद्रों का निरीक्षण कर बारदाना, फड़, चबूतरा, पेयजल, छायादार बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने बताया कि सहकारिता, मार्कफेड और खाद्य विभाग सभी व्यवस्थाएं पूरी कर चुके हैं।
1.22 लाख से ज्यादा किसानों का पंजीयन
जिले में इस बार 1,22,800 किसानों का पंजीयन हो चुका है। इनके पास कुल 1,11,207.67 हेक्टेयर रकबा है। इसके अलावा करीब 6,700 किसानों का ‘केरी फॉरवर्ड’ पंजीयन प्रक्रिया में है।
उपार्जन पर निगरानी के लिए नोडल अधिकारी तैनात
हर केंद्र पर नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। समिति स्तर पर निगरानी समितियां भी बनाई गई हैं ताकि खरीदी पूरी तरह पारदर्शी और सुचारू रहे। परंपरा के अनुसार 15 नवंबर को सभी केंद्रों में कांटा-बांट की पूजा कर खरीदी शुरू की जाएगी।
अवैध परिवहन रोकने उड़नदस्ता दल सक्रिय
ओडिशा सीमा से लगे बोराई, बांसपानी, बनरौद और सांकरा में चेक पोस्ट बनाए गए हैं। राजस्व, मंडी, खाद्य, सहकारिता और कृषि विभाग की टीमें लगातार निगरानी करेंगी।

किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की सुविधा
सहकारिता विभाग ने बताया कि सभी समितियों में माइक्रो एटीएम उपलब्ध होंगे ताकि किसान तत्काल जरूरत की राशि निकाल सकें। केंद्रों को निर्धारित संख्या में ही टोकन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम के मद्देनजर विशेष तैयारी
धान की सुरक्षा के लिए ड्रेनेज, तारपोलिन और सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। मौसम में बदलाव की आशंका के चलते प्रशासन ने अग्रिम तैयारी के निर्देश जारी किए हैं।
जिला प्रशासन की अपील
प्रशासन ने किसानों से कहा है कि वे निर्धारित तिथि और टोकन के अनुसार ही धान लेकर केंद्र पहुंचे ताकि भीड़ न हो और खरीदी सुचारू रूप से चल सके।
