400 किमी सड़कों के सुधार का लक्ष्य, 31 दिसंबर तक पूरा होगा कार्य
धमतरी/ 9 नवम्बर मानसून की विदाई के साथ ही धमतरी जिले में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्यों ने गति पकड़ ली है। कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जिलेभर में पेच रिपेयर और सड़क सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए हैं।
कलेक्टर मिश्रा ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि “मानसून समाप्त होते ही सभी क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों और छोटे पुलों की मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं।” निर्देशों के पालन में लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजे और स्वीकृति मिलते ही 10 कार्यादेश जारी कर दिए हैं।
धमतरी शहर में SH-23 से मुजगहन मार्ग तथा सिहावा चौक से कोलियरी मार्ग तक बीटी पेच रिपेयर कार्य प्रारंभ हो गया है। कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार नेताम ने बताया कि मेसर्स मित्तल कंस्ट्रक्शन, जे.पी. बिल्डर्स और योगेश सोनी कंस्ट्रक्शन द्वारा करीब ₹6 करोड़ की लागत से कार्य किया जा रहा है।

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में लगभग 400 किलोमीटर सड़कों के सुधार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे 31 दिसंबर 2025 तक पूरा करने की योजना है।
कलेक्टर मिश्रा स्वयं कार्यों की गुणवत्ता पर निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने कार्यपालन अभियंता नेताम, एसडीओ मुरलीधर पैकरा, उप अभियंता हेशवंत बघेल और शिवकुमार को भी नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम महापौर रामू रोहरा ने भी शहर के मुख्य मार्गों के शीघ्र सुधार के लिए विभाग को प्राथमिकता से कार्य प्रारंभ करने कहा था। सड़क सुधार कार्य शुरू होने से नगरवासियों और व्यापारियों में खुशी और संतोष का माहौल है। नागरिकों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के त्वरित प्रयासों की सराहना की है।
