धमतरी पुलिस की तत्परता – न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
धमतरी/ 7 नवम्बर महिलाओं से संबंधित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्यवाही की है।
एसपी धमतरी के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली की टीम ने नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव रखने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्रार्थिया ने थाना सिटी कोतवाली में आवेदन प्रस्तुत किया था कि 11 सितम्बर 2025 को उसने जीवन दीप समिति में “वार्ड आया” पद के लिए आवेदन किया था।
इसके बाद 14 सितम्बर 2025 को समिति के वार्ड बॉय राहुल इलमकर का फोन आया, जिसमें उसने मिलने के लिए बुलाया।
अगले दिन जब प्रार्थिया कार्यालय पहुँची, तो आरोपी ने कहा कि “वार्ड आया की नौकरी के लिए 30–40 हजार रुपये देने होंगे” तथा रुपए के स्थान पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला।
विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया और 18 सितम्बर 2025 को अस्पताल परिसर में भी अश्लील हरकतें कीं।

पुलिस की वैधानिक कार्यवाही
एसपी धमतरी को शिकायत प्राप्त होने पर उन्होंने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को सूक्ष्म जांच और कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान प्रार्थिया के कथन, घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के बयान लिए गए।
जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर अपराध क्रमांक 300/25 धारा 75(1)(ii), 78 भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई तथा उसके पास से प्रयुक्त रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी राहुल इलमकर पिता स्व. चन्द्रशेखर, उम्र 26 वर्ष, निवासी रामपुर वार्ड, थाना सिटी कोतवाली, जिला धमतरी (छ.ग.) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
धमतरी पुलिस का सख्त रुख
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धमतरी पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कार्रवाई समाज में महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और तत्परता को दर्शाती है।
