₹65 करोड़ की लागत से कुरूद क्षेत्र में सड़कों का सुदृढ़ीकरण जारी, आवागमन होगा सुगम
धमतरी/ 8 नवम्बर कुरूद ब्लॉक के ग्रामीण अंचल को जोड़ने वाला 22 किलोमीटर लंबा कुरमातराई–भेण्ड्रा–कोर्रा–जुगदेही–सिलौटी–सेमरा मुख्य जिला मार्ग अब विकास की नई राह पर है। ₹65.12 करोड़ की लागत से सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य तेजी से जारी है।
इस परियोजना को छत्तीसगढ़ शासन लोक निर्माण विभाग से 31 दिसंबर 2024 को प्रशासकीय स्वीकृति मिली थी। मई 2025 में कार्यादेश जारी होने के बाद निर्माण संस्था ने कार्य प्रारंभ कर दिया है। 18 माह की समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत कुल 67 पुल-पुलिया, नाली निर्माण तथा संपूर्ण मार्ग का चौड़ीकरण शामिल है। अब तक 2118 मीटर नाली और 12 पुल-पुलिया का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि इंबेकमेंट कार्य प्रगति पर है।
गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी और उप अभियंता नियमित रूप से सामग्री की जांच और परीक्षण कर रहे हैं। इस मार्ग से बड़े पैमाने पर रेत परिवहन होता है, जिससे शासन के राजस्व में वृद्धि की संभावना है।

सड़क निर्माण पूर्ण होने पर दुर्ग और धमतरी के बीच आवागमन सुगम होगा, साथ ही आसपास के गांवों—कुरमातराई, भेण्ड्रा, कोर्रा, जुगदेही, सिलौटी और सेमरा—के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों में नई गति मिलेगी।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और निरीक्षण के निर्देश दिए हैं तथा तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने पर बल दिया है।
यह परियोजना न केवल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेगी, बल्कि ग्रामीण अंचल के सामाजिक-आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
