धमतरी/ 06 अगस्त कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने आज धमतरी जिले के ग्राम कुकरेल में प्राथमिक शाला और लोकसेवा केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल शासकीय सेवाओं का जायजा लिया, बल्कि महिलाओं से सीधा संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति भी जानी।
स्कूल में बच्चों से की बातचीत, शिक्षकों को दी गुणवत्ता बढ़ाने की सलाह
निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक शाला कुकरेल से हुई, जहां कलेक्टर ने बच्चों की उपस्थिति, कक्षाओं की गतिविधियाँ एवं पुस्तकालय का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई संबंधी सवाल पूछे और उनकी समझ का स्तर परखा। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की बात कहते हुए कहा कि बच्चों की नींव मजबूत होनी चाहिए।
लोकसेवा केंद्र में दी जा रहीं सेवाओं का लिया जायजा
कलेक्टर मिश्रा इसके बाद पास ही स्थित लोकसेवा केंद्र पहुँचे। वहाँ उन्हें बताया गया कि केंद्र पर शासकीय दस्तावेज़ों के साथ-साथ नागरिकों को होम लोन, वाहन बीमा जैसी सेवाएँ भी प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने सेवा प्रक्रिया की जानकारी ली और सेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
महिलाओं से की बातचीत, योजनाओं से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया
निरीक्षण के दौरान उपस्थित महिलाओं से कलेक्टर ने सीधा संवाद किया।
-
सुनीता ध्रुव, जो अपने बच्चे का आधार बनवाने आई थीं, ने बताया कि वह कृषक हैं पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिल रही। इस पर कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
-
भुवनेश्वरी नामक महिला ने महतारी वंदन योजना की राशि न मिलने की शिकायत की। सेवा केंद्र कर्मियों ने जानकारी दी कि उनका आधार बैंक खाते से सीड नहीं है। कलेक्टर ने ऐसे मामलों में त्वरित समाधान कर पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने पर जोर दिया।
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि लोकसेवा केंद्रों की सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना जरूरी है ताकि आमजन को योजनाओं का समय पर और सही लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुँचे और शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता पर किया जाए।