नई दिल्ली/ 1 अगस्त छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से मुलाकात की। इस दौरान बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित बोधघाट बहुद्देशीय परियोजना सहित राज्य की प्रमुख जल परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बोधघाट परियोजना को बस्तर के विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह योजना लगभग 8 लाख हेक्टेयर भूमि की सिंचाई, 125 मेगावाट विद्युत उत्पादन और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सल प्रभाव में कमी आने के बाद अब ऐसी परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।
मुख्यमंत्री साय ने मांग की कि बोधघाट परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देकर इसके निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
इस पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस परियोजना के तकनीकी परीक्षण और स्वीकृति प्रक्रिया को शीघ्रता से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि बोधघाट परियोजना न केवल बस्तर के आर्थिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगी, बल्कि यह सामाजिक बदलाव और स्थायी शांति के लिए भी मार्ग प्रशस्त करेगी।